भूमि प्रबन्धक समिति द्वारा भूमि उठाने में वरीयता क्रम-
(1) धारा 125 के अधीन किसी व्यक्ति को
असंक्रमणीय अधिकार वाले भूमिधर के रूप में या असामी के रूप में भूमि उठाते समय, जिसे आगे इस अध्याय में भूमि का आवंटन कहा गया है, भूमि प्रबन्धक समिति, निम्नलिखित वरीयता क्रम का पालन करेगीः-
(क) किसी ऐसे व्यक्ति की, जिसकी संघ के सशस्त्र बल में सक्रिय सेवा में रहते हुए मृत्यु हुई हो, विधवा, पुत्र, अविवाहित पुत्रियां या माता-पिता, जो ग्राम सभा में निवास करते हों और भूमिहीन हों;
(ख) ग्राम सभा में निवास करने वाला कोई ऐसा भूमिहीन जो संघ के सशस्त्र बल में सक्रिय सेवा में रहते हुए पूर्णतया विकलांग हो गया हो;
(ग) ग्राम सभा में निवास करने वाला कोई ऐसा भूमिहीन कृषि श्रमिक जो किसी अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग या राज्य सरकार द्वारा यथा अवधारित गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले सामान्य श्रेणी का व्यक्ति हो;
(घ) ग्राम सभा में निवास करने वाला कोई अन्य भूमिहीन कृषि श्रमिक;
(ङ) ग्राम सभा में निवास करने वाला किसी अधिकारी से भिन्न कोई ऐसा भूमिहीन व्यक्ति जो संघ के सशस्त्र बल से सेवानिवृत्त हो गया हो या सेवा से निर्मुक्त कर दिया गया हो या सेवा से उन्मोचित कर दिया गया हो;
(च) ग्राम सभा में निवास करने वाला कोई भूमिहीन स्वतंत्रता सेनानी जिसे राजनीतिक पेंशन स्वीकृत न की गयी हो;
(छ) कोई भूमिधर या असामी जो ग्राम सभा के सर्किल में निवास करता हो और जिसके पास 1.26 हेक्टेयर से कम भूमि हो;
(ज) अनूसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग या राज्य सरकार द्वारा यथा अवधारित गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले सामान्य श्रेणी का कोई अन्य भूमिहीन कृषि श्रमिक जो ग्राम-सभा में निवास न करता हो, किन्तु उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 (अधिनियम संख्या 26, सन् 1947) की धारा 42 में निर्दिष्ट न्याय पंचायत सर्किल में निवास करता हो।
स्पष्टीकरण- इस उपधारा के प्रयोजन के लिएः-
(एक) ‘‘आवंटन’’ में इस संहिता द्वारा किसी निरसित अधिनियम के तत्स्थानी उपबन्धों के अधीन किया गया कोई आवंटन, सम्मिलित है;
(दो) ‘‘निरसित’’;
(तीन) किसी व्यक्ति को ‘‘भूमिहीन’’ समझा जाएगा, यदि उसके या उसके पति या उसकी पत्नी या उसके अवयस्क बǔचों, ओर जहां आवंटिती स्वयं अवयस्क हो, वहां उसके माता-पिता के पास आवंटन के दिनांक को या उक्त दिनांक से ठीक पूर्ववर्ती दो वर्ष की अवधि में कोई भूमि न रही हो;
(चार) पद ‘‘स्वतन्त्रता सेनानी’’ का तात्पर्य उस व्यक्ति से है-जो उत्तर प्रदेश लोक सेवा (शारीरिक
रूप से विकलांग, स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित और भूतपूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण) अधिनियम, 1993 में यथा परिभाषित हो;
(पांच) अन्य पिछड़ा वर्ग का तात्पर्य उत्तर प्रदेश लोक सेवा (अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछडे़ वर्गों के लिए आरक्षण) अधिनियम, 1994 (अधिनियम संख्या 4, सन् 1994) की अनुसूची-1 में विनिर्दिष्ट नागरिकों के पिछडे़ वर्गों से है;
(छः) गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले सामान्य श्रेणी के व्यक्ति का तात्पर्य राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर यथा अवधारित व्यक्तियों से है।
(2) उपधारा (1) के अधीन जितनी भूमि का आवंटन किया जाय, वह ऐसी भूमि को मिलाकर, जो आबंटन के ठीक पूर्व भूमिधर या असामी की रूप में उसके द्वारा धृत हो, क्षेत्रफल में 1.26 हेक्टेअर से अधिक न हो।